शाहजहांपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण से आज पूरे विश्व में दहशत का माहौल है। भारत में भी कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। कोरोना के इलाज के लिए कई देश वैक्सीन बनाने का दावा भी कर चुके हैं। भारत में भी कुछ चिकित्सा संस्थानों ने वैक्सीन बनाने का दावा किया है, लेकिन अभी तक वैक्सीन का परीक्षण नहीं हो पाया है। कोरोना जैसी महामारी के कारण पूरी दुनिया को क्षति हो रही है। इस क्षति से दुखी होकर मानव जाति के कल्याण के लिए शहर की इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी राजीव सिंह चौहान के पुत्र सत्यम सिंह चौहान 22 साल ने कोरोना वायरस की वैक्सीन के परीक्षण के लिए अपना शरीर दान करने की पेशकश की है। इसके लिए उन्होंने डीएम इंद्र विक्रम सिंह को पत्र लिखा है। कहा कि अगर परीक्षण के दौरान उनकी मौत होती है तो इसका जिम्मेदार कोई नहीं होगा। युवक की यह पेशकश कोरोना महामारी से लड़ने वालों का हौसला बढ़ाने वाली है।