जिला विकलांग अधिकारी रंजीत सोनकर की मौत के मामले में छानबीन कर रही पुलिस की एक टीम सोमवार को गाजियाबाद रवाना हो गई। वहां पुलिस रंजीत की पत्नी और जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना सोनकर के पहले पति से पूछताछ करेगी। इससे पुलिस को विवेचना में काफी मदद मिलने की उम्मीद है। संदिग्ध हालात में जिला विकलांग अधिकारी रंजीत सोनकर की 21 अप्रैल की रात में मौत हो गई थी। इस मामले में उनके भाई राजेश सोनकर ने रंजीत की पत्नी व समाज कल्याण अधिकारी अर्चना सोनकर और उनके परिवार वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाकर उनके खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी। रिपोर्ट के मुताबिक रंजीत और अर्चना की 16 फरवरी 2016 को शादी हुई थी। शादी के तुरंत बाद से दोनों के बीच संबंध खराब हो गए थे। इसका कारण अर्चना में महिलाओं जैसे गुण न होना बताया गया। इस पर अर्चना और उनके परिवारीजनों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इस पर रंजीत सोनकर ने अपनी जान को खतरा बताते हुए 28 मार्च को डीएम कार्यालय में दाखिल दफ्तर भी किया था और फैमिली कोर्ट में विवाह शून्य करने के लिए अर्जी दी थी। इस मामले में सच्चाई जानने के लिए के लिए थाना सदर बाजार पुलिस ने एसआई विनोद कुमार को उनके पहले पति डॉ. दीपक सोनकर से पूछताछ करने के लिए गाजियाबाद भेजा गया है।