शाहजहांपुर पुलिस ने जीती हॉकी प्रतियोगिता
65वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता मेजबान शाहजहांपुर टीम ने जीत ली है। शाहजहांपुर ने फाइनल मुकाबले में बरेली को शून्य के मुकाबले चार गोल से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। हैंडबाल का फाइनल मैच शुक्रवार शाम चार बजे होगा। टाउनहाल हॉकी क्लब मैदान में हुए हॉकी के फाइनल मैच का शुभारंभ सीओ सिटी विजय शंकर मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके बाद शुरू हुए मैच के 18वें मिनट में शाहजहांपुर के खिलाड़ी विकास ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद तौसीम हैदर ने एक और गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। मध्यांतर तक यही स्कोर रहा। मध्यांतर के बाद बरेली के खिलाड़ियों ने रणनीति बदल कर प्रतिद्वंदी टीम पर कई आक्रमण किए, लेकिन कोई गोल नहीं कर सका। मध्यांतर बाद शाहजहांपुर के विकास सिंह और प्रदीप कुमार ने एक-एक गोल करके टीम को 4-0 से विजय दिलाने में महत्वपूर्ण निभाई। मैच में रेफरी की भूमिका राजू और फैसल ने तथा टेक्निकल अंपायरिंग लईक, लाल, रजा ने निभाई। इस अवसर पर एसपी डॉ. मनोज कुमार, एसपी देहात रमेश भारतीय, प्रतिसार निरीक्षक विक्रम सिंह, उमाशंकर, हॉकी कोच हाजी एजाज हसन खां उर्फ अच्छू खां आदि ने फाइनल मैच का आनंद लिया। व्यवस्था में सगीर अहमद, अलहास, आमिल आदि का योगदान रहा।