थाना सदर बाजार पुलिस और एसओजी ने बुधवार शाम को मोहल्ला बाडूजई में पीली मस्जिद के पास से दो पटाखों फैक्टरी को पकड़ा है। पुलिस ने 12 कुंटल माल बरामद किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान छह बोरी पटाखा बनाने के लिए रखा बारूद, ब्रांडेड कंपनियों के पटाखों के रैपर भी मिले हैं।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह के नेतृत्व में सदर पुलिस व एसओजी टीम ने बाडूजई मोहल्ले में छापा मारा। पुलिस ने संकरी गली में बने दो मकानों पर दबिश दी। वहां पर दो पटाखों की फैक्टरी संचालित होते हुए पाई गई। पुलिस द्वारा मकान की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद हुए हैं।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि पुलिस ने पटाखों की फैक्टरी का संचालन करने वाले सगे भाई अरबाज, जब्बार खान और ममनून को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 12 कुंटल पटाखे बरामद किए हैं। सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि फैक्टरी में मिठाई के डिब्बे भी बरामद हुए हैं। इसमें पटाखे रखकर फुटकर व थोक विक्रेताओं को सप्लाई करने की तैयारी थी। फैक्टरी में देसी व ब्रांडेड पटाखे भी मिले हैं।