शाहजहांपुर के जलालाबाद थानाक्षेत्र के ग्राम धीहरा निवासी मोहम्मद शरीफ (65) की उनके बेटे ने कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे की तलाश में जुटी है।
मोहम्मद शरीफ के पांच बेटे हैं। दो महीने पहले उनके एक बेटे की मौत हो गई थी। शरीफ बेटे की पत्नी के घर में ही रहते थे। कुछ दिन पहले शरीफ ने अपना एक खेत बेचा था। खेत बेचने से मिले रुपये शरीफ ने बेटों को न देकर अपने पास रख लिए थे। इस बात से उसके बेटे नाराज थे।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे शरीफ खेत में पड़ी अपनी झोपड़ी के बाहर लेटे हुए थे। तभी उनका बेटा बसीर वहां पहुंचा। जायदाद में हिस्सेदारी को लेकर उसकी पिता से बहस हुई। उसने पास पड़ी कुल्हाड़ी से शरीफ के ऊपर वार कर दिया। लहूलुहान शरीफ की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मैके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ जलालाबाद मस्सा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह जायदाद का विवाद बताया जा रहा है।