पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद सतीश के चचेरे भाई
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर में रोजा थाना क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी निवासी सतीश कुमार (42) और उनकी पत्नी मंशा देवी (40) के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस को घरेलू कलह में आत्महत्या किए जाने की आशंका है। बता दें कि प्रॉपर्टी डीलर सतीश कुमार पत्नी व दो बच्चों के साथ पिछले 10 वर्षों से कॉलोनी में सरकारी टीचर चंद्रप्रभा के मकान में रह रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे उनकी बेटी सौम्या (14) और बेटा शेखर (10) स्कूल चले गए। इसी समय दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
दोपहर 12 बजे स्कूल से लौटने के बाद बेटी ने माता-पिता के शव लटके देखकर शोर मचाया। पड़ोसियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई।
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं मंशा देवी के भाई हरिओम शरण ने घरेलू कलह के कारण दोनों के आत्महत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी।