शाहजहांपुर। कटरा के मोहल्ला बाजार में 19 सितंबर 2023 को आलोक गुप्ता हत्याकांड के बाद हुए शाहबाज के एनकाउंटर मामले की मजिस्ट्रीयल जांच चल रही है। तिलहर के उप जिला मजिस्ट्रेट जांच अधिकारी नामित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में यदि कोई साक्ष्य/अभिकथन देना चाहता है तो 30 मई तक उनके कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से दे सकता है। आलोक गुप्ता के घर में लूट के इरादे से घुसे बदमाशों ने उनकी चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी शाहबाज को मौके से लोगों ने पकड़ लिया था। पुलिस ने शाहबाज और सगीर खां डभौरा वाले एवं आठ-दस अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
शाहबाज की रिमांड कराने के लिए न्यायालय लेकर आते समय रास्ते में ग्राम बतलैया के पास अचानक सड़क पर गायों का झुंड आ गया था। वाहन चालक ने ब्रेक लगाए तो मौका पाकर शाहबाज भागने लगा। उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में गोली लगने से शाहबाज की मृत्यु हो गई थी।