जलालाबाद (शाहजहांपुर)। जलालाबाद नगर पालिका के बाबू का महिला कर्मचारी से अश्लील हरकत करते कई वीडियो वायरल हुए हैं। क्लर्क की करतूत ऑफिस के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो वायरल होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने क्लर्क से जवाब तलब किया है। वहीं कई लोगों द्वारा वीडियो ट्वीट किए जाने के बाद पुलिस दोनों लोगों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर नगर पालिका के ऑफिस के कई वीडियो वायरल हुए। वीडियो में नगर पालिका का एक बाबू ऑफिस में ही महिला सहकर्मी के साथ अश्लील हरकत करता दिख रहा है। माना जा रहा है कि वीडियो पुराना है। वीडियो वायरल होने के बाद चेयरमैन शकील अहमद ने आरोपी बाबू को नोटिस देकर जवाब-तलब किया है। महिला और बाबू के अलग-अलग समुदाय के होने के कारण इस मामले को लेकर हिंदूवादी संगठन भी सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने कई उच्चाधिकारियों को ट्वीट कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी ग्रामीण संजीव वाजपेयी ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला जानकारी में है। बाबू और महिला को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
वीडियो वायरल करने के पीछे भुगतान की राजनीति का अंदेशा
वायरल वीडियो करने के पीछे निर्माण कार्यों के भुगतान को लेकर राजनीति भी मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पूर्व में किए गए कार्यों का करीब 70 लाख का भुगतान अटका हुआ था। इस पेमेंट में कई लोगों की हिस्सेदारी थी। कुछ दिन पहले ईओ का ट्रांसफर आदेश जारी होने के बाद पेमेंट को लेकर लोगों की बेचैनी बढ़ गई। ईओ से पेमेंट संबंधी कागजात पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। इसके बाद बाबू पर पेमेंट कराने का दबाव बनाना शुरू किया गया।
बताते हैं कि डोंगल के जरिये जो पेमेंट होना था, वह नए चेयरमैन की सहमति बिना संभव नहीं था। चेयरमैन के मना कर देने पर बाबू द्वारा पेमेंट करने से हाथ खड़े कर दिए गए। लगातार कहने के बाद भी बाबू के न मानने पर कई माह पुराने इस वीडियो को वायरल कर दिया गया। वहीं बाबू का कहना है कि कुछ लोगों ने उन पर दबाव बनाने के लिए वीडियो को एडिट कर वायरल किया है। उन्हें बदनाम करने की साजिश रची गई है।