कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति बैठक में निर्देश देते डीएम। स्रोत:प्रशासन
शाहजहांपुर। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने पर एक एएनएम और पांच आशाओं की सेवा समाप्त कर दी है। आयुष्मान गोल्डन कार्ड एवं आभा आईडी कार्ड की कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार लाने के निर्देश दिए। कहा कि चिकित्सक अपनी तैनाती स्थल पर ही रात्रि निवास करें।
डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति, संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान, टीकाकरण टास्क फोर्स की बैठक कलक्ट्रेट स्थित सभागार में हुई। उन्होंने आयुष्मान गोल्डन कार्ड, आभा आईडी कार्ड, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, टीकाकरण कार्यक्रम सहित स्वास्थ्य संबंधित अन्य संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की। जननी सुरक्षा योजना में इस माह में डिलीवरी कम होने पर डीएम ने असंतोष जताया। कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी के लिए ले जाने वालीं आशाओं पर कार्रवाई की जाए। डीएम ने अवैध नर्सिंग होम को बंद कराए जाने के सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि टीम बनाकर गोपनीय तरीके से जांच की जाए। यदि कोई अल्ट्रासाउंड केंद्र इस प्रकार के कृत्य में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। डीएम ने डेंगू से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के लिए कहा। डीएम ने नगर आयुक्त, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज अधिकारी को निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराएं। इस दौरान सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, सीएमओ डॉ. आरके गौतम आदि अधिकारी मौजूद रहे।