शाहजहांपुर। कांट के गंगानगर स्थित कृषि फार्म पर सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ के निदेशक डॉ. पीके सिंह, डॉ. केजी यादव, डॉ. एसके लोधी, इंजीनियर जयवीर सिंह ने खेती-किसानी के अभिनव प्रयोगों का जायजा लिया। उन्होंने प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा द्वारा किए जा रहे सहफसली और आधुनिक तौर-तरीकों की सराहना की।
टीम ने चना, मटर, शिमला मिर्च, अचार वाली मिर्च, बैंगन, टमाटर, सरसों, गन्ने की लाइन से लाइन की दूरी पांच फीट, सिंगल बड की बुवाई, गन्ने की पौध की रोपाई, सौर ऊर्जा बाड़, फार्म मशीनरी बैंक, कृषि उपयोगी यंत्र को देखा। गंगानगर महिला समूह द्वारा तैयार की गई गन्ना पौध, पॉलीहाउस और सामान्य विधि द्वारा तैयार किए जा रहे मशरूम की विधि की सराहना की। दूसरे किसानों के लिए प्रेरणादायी बताया। निदेशक डॉ. पीके सिंह ने कहा कि जिस तरह से खेती-किसानी के प्रयोग हो रहे हैं, उससे किसान आसानी से अपनी आमदनी दोगुनी कर सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र, शाहजहांपुर के डॉ. एनसी त्रिपाठी, डॉ एनके गुप्ता भी मौजूद रहे। टीम ने क्षेत्र के किसानों से भी मुलाकात की और फिर जल्दी आने का भरोसा दिया। युवा कृषक गौरव मिश्रा ने सभी वैज्ञानिकों का आभार प्रकट किया।