तिलहर। तहसील सभागार में एसडीएम जीत सिंह राय ने लेखपालों और कानूनगो के साथ बैठक कर जनगणना कार्य की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के साथ जनगणना के कार्य में तेजी लाकर उसे समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपालों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ जनगणना का कार्य पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना के दौरान आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। एसडीएम ने अधिकारियों से क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर जनगणना कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार, नायब तहसीलदार मनु माथुर सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद