तिलहर। नगर पालिका परिषद के कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मंगलवार को सामूहिक त्यागपत्र देने वाले सभासदों के साथ एसडीएम जीत सिंह राय ने बुधवार शाम पालिका सभागार में बैठक की। सभी शिकायतों की 15 दिन में जांच कर दोबारा बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष के नहीं आने पर सभासदों ने नाराजगी जताई।
मंगलवार को पालिका के 17 सभासदों ने एसडीएम की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार को अपना त्यागपत्र दिया था। एसडीएम ने सभासदों से किए गए वायदे के अनुसार बुधवार शाम चार बजे पालिका सभागार उनसे वार्ता की। इस दौरान एसडीएम ने ईओ कल्पना शर्मा से पालिकाध्यक्ष को बुलाने की बात कही, लेकिन पालिकाध्यक्ष ने फोन पर तबीयत खराब होने का उल्लेख कर बैठक में आने से इन्कार कर दिया। इस पर सभासद नाराज हो गए।
एसडीएम ने सभासदों को किसी तरह मनाया और बिंदुवार उनके आरोप सुनकर नाराजगी का कारण जाना। सभी आरोप एक रजिस्टर पर दर्ज कराकर एसडीएम ने आश्वस्त किया कि 15 दिन में आरोपों की जांच कर बैठक में विस्तृत जानकारी देंगे। इस दौरान सत्येंद्र सिंह, संदीप रस्तोगी, राजीव यादव, दिलीप कुमार, अभिषेक सिंह आदि सभासद मौजूद रहे। संवाद