शाहजहांपुर में मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव दरियाईगंज में चेकिंग और राजस्व वसूली करने गई बिजली निगम की टीम को लोगों ने घेर लिया। टीम के सदस्यों से गाली-गलौज और हाथापाई की गई। कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। टीजी-2 वैभव गोपाल की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
फतेहपुर के थाना जहानाबाद के ग्राम द्वारिकापुर जट्ट निवासी वैभव गोपाल के नेतृत्व में बिजली निगम की टीम मंगलवार को दरियाईगंज में चेकिंग करने के लिए गई थी। टीम में संविदाकर्मी शिवओम मिश्रा, तौफीक, नन्हें, प्रमोद आदि शामिल थे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे कैंप लगाकर बिल वसूली के बाद टीम ने चेकिंग शुरू की। कनेक्शनधारक उदयवीर व लालाराम के बिल को देखने के बाद उनसे बकाया जमा करने को कहा। दोनों ने बिल अदायगी से इन्कार कर दिया। इसके बाद टीम ने कनेक्शन काटने का प्रयास किया तो लालाराम व उदयवीर का पुत्र अंशुल आ गया। दोनों गाली-गलौज करते हुए झगड़े पर उतारू हो गए। कनेक्शन काटने पर जान से मारने की धमकी दी।
चेकिंग अभियान चलाकर काटे कनेक्शन
विद्युत निगम के अधिकारियों ने गांवों में चेकिंग अभियान चलाया। बकाया जमा न करने वालों के कनेक्शन काटे गए। बुधवार को विद्युत निगम की टीम खुदागंज क्षेत्र के नवादा दरोवस्त गांव पहुंची। कनेक्शन काटने के दौरान कुछ ग्रामीणों ने हंगामा कर टीम पर पक्षपात का आरोप लगाया। खुदागंज विद्युत फीडर के जेई राजेश कुमार सैनी ने बताया है कि 25 घरेलू कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में मोहम्मद अनीस अंसारी, शिवम वर्मा, जगबीर, दीपू आदि रहे। संवाद