भावलखेड़ा ब्लॉक के गांव आटा खुर्द में स्थित प्राथमिक विद्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन करते ग्रा
शाहजहांपुर। भावलखेड़ा ब्लॉक के एक गांव के प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीणों ने सुबह आठ बजे तालाबंदी कर दी। उनका आरोप था कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुमित पाठक के खिलाफ पूर्व प्रधान ने रंजिशन गांव की ही एक अनुसूचित जाति की महिला की ओर से सेहरामऊ दक्षिणी थाने में 25 सितंबर को दुष्कर्म की फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस के विद्यालय पहुंचने से गांव वालों में नाराजगी है। उनका कहना है कि प्रधानाध्यापक ने स्कूल की दशा बदल दी है। प्रधानाध्यापक विद्यालय में अपनी जेब से लाखों रुपये लगा चुके हैं। मांग है कि जब तक निष्पक्ष जांच कर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध दर्ज फर्जी रिपोर्ट को रद्द नहीं किया जाता, तब तक विद्यालय नहीं खुलने दिया जाएगा और न ही अपने बच्चों को स्कूल भेजेंगे। वहीं, बीएसए रणवीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों से फोन पर वार्ता कर उनसे विद्यालय खोलने देने का आग्रह किया। बीएसए का कहना है कि प्रधानाध्यापक के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच पुलिस कर रही है। विद्यालय को खुलने देना चाहिए, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर प्रभाव न पड़े। प्रदर्शन के दौरान सर्वेश यादव, रामौतार, नन्हें, गिरिंद यादव, अर्जुन, अमर सिंह, रहीस यादव आदि शामिल रहे।