राजघाट चौकी मार्ग पर लगे लंबे जाम में फंसी स्कूल बसें। संवाद
शाहजहांपुर। राजघाट चौकी से कनौजिया अस्पताल मार्ग पर जाम लगने से करीब 20 मिनट तक स्कूली बच्चे व मरीज फंसे रहे। इस मार्ग पर सीवर का चैंबर बनाने का कार्य चल रहा है। इसके लिए जल निगम ने आधी सड़क को खोदकर डाल दिया है। आधी सड़क से ही वाहनों का आवागमन हो पा रहा है। इससे जाम की समस्या खड़ी हो जाती है। शनिवार को अपराह्न तीन बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कूली बस आमने-सामने आ गईं। उनके पीछे भी तमाम वाहनों के होने से एकाएक जाम की समस्या खड़ी हो गई। सूचना पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके साथ में कुछ जागरूक लोगों ने भी जाम में फंसे वाहनों को निकलवाने के लिए प्रयास शुरू किए। करीब 20 मिनट तक स्कूली बसों के जाम में फंसे रहने से उनमें सवार बच्चे परेशान हुए। राजकीय मेडिकल कॉलेज को जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को भी मुसीबत झेलनी पड़ी। संवाद