संस्कार भारती के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रचारक प्रमुख कृष्ण चंद्र ने कहा कि युवाओं को पश्चिमी सभ्यता की ओर भागने के बजाय भारतीय संस्कृति और परंपराओं के पुनरुत्थान में लगे, ताकि देश का खोया हुआ गौरव पुन: प्राप्त हो सके। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लें। मुख्य अतिथि सांसद कृष्णा राज ने कहा कि यह देश युवाओं का है, इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में लगाना चाहिए। यही विवेकानंद का भी कथन था। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री अवधेश वर्मा, प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र, संस्कार भारती के जिला संयोजक प्रशांत वाजपेयी, क्षेत्रीय संयोजक देवेंद्र देव आदि ने भी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व सत्य भारती कुर्रिया कलां, सरस्वती शिशु मंदिर जलालाबाद, मिश्रीपुर विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समापन पर बच्चों को प्रशस्ति पत्र और श्रीरामचरित मानस की कृतियां देकर पुरस्कृत किया गया। आयोजन में कृष्ण मोहन मिश्र, रूपम, मनीष, लालित्य पल्लव भारती, रजी उल्ला खां, आसमां, डॉ. राज कुमार शर्मा, चंद्र मोहन पाठक आदि मौजूद रहे। सर्वेश वर्मा ने आभार व्यक्त किया।