सिंधौली के अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय तेरा में कन्या भोज के बाद उपहार देते प्रधानाध्यापक
शाहजहांपुर। पिछले 12 साल से ब्लॉक सिंधौली के अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय तेरा के प्रधानाध्यापक सरताज अली बेटियों को शिक्षित करने के साथ ही सामाजिक सौहाद्र की मिसाल पेश कर रहे हैं। वह विद्यालय में हर साल नवरात्र पर कन्या भोज का आयोजन करते हैं। इसमें सभी वर्ग की कन्याएं शामिल होती हैं।
सरताज बताते हैं कि उन्हें वर्ष 2010 में मुस्लिम बहुल गांव तेरा के प्राथमिक विद्यालय में तैनाती मिली थी। यहां आने के दो साल बाद ही उन्होंने नवरात्र पर कन्या भोज कराने का मन बनाया। इसके साथ ही वह विभिन्न आयोजनों को कराते आ रहे हैं, जिसमें विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं सम्मिलित होते हैं। इससे अभिभावकों तथा शिक्षकों के बीच भी संबंध मजबूत हो रहे हैं।
सरताज ने बताया कि कन्या भोज के बाद छात्राओं को स्वच्छता किट आदि वस्तुएं भेंट की जाती हैं। इससे स्कूल में न केवल बालिकाओं का नामांकन बढ़ा है, बल्कि उनमें आपसी सद्भाव और एकता प्रबल होती है।
-
छात्र-छात्राओं की संख्या बराबर, प्रोजेक्टर पर दी जाती शिक्षा
-पहले छात्राओं की संख्या स्कूल में 40-50 तक थी। वर्तमान सत्र में अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय तेरा में 89 छात्र और 80 छात्राएं पंजीकृत हैं। इनको प्रधानाध्यापक सरताज अली की निजी प्रयासों से प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही पाठ्य सहगामी क्रियाओं को कराया जाता है। इससे सीखने-सिखाने की प्रक्रिया सरल एवं रोचक हो जाती है और छात्र विद्यालय की ओर आकर्षित होते हैं। सरताज कहते हैं कि सभी राष्ट्रीय पर्व के साथ ही सभी त्योहार पूरे उत्साह के साथ छात्र विद्यालय में मनाते हैं, जिससे उनमें देश प्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना प्रगाढ़ होती है।