शाहजहांपुर/कांट। कांट-जलालाबाद रोड पर गांव जरावन के पास वैन पलटने से चार परीक्षार्थियों की मौत के बाद देर रात चालक मुलायम सिंह (25) की राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजन ने पुलिस पर समय से उपचार के लिए नहीं भेजने और सिपाही पर मारपीट का आरोप लगाया।
कांट थाना क्षेत्र के गांव बरेंडा निवासी चालक श्रीमती उलमेश देवी शिक्षण संस्थान से दसवीं के परीक्षार्थियों को वैन में बैठाकर लटूरी लाल इंटर कॉलेज लेकर रवाना हुआ था। चालक नशे में होने के साथ ही सौ की रफ्तार से वैन को दौड़ा रहा था। जरावन गांव के पास वैन के टायर का पिछला पहिया बर्स्ट हो गया। अनियंत्रित वैन दो बार पलटने के बाद सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में वैन सवार माेहिनी (16), अनुराग (14) निवासी बरेंडा व प्रतिष्ठा मिश्रा (15) व अनुरूप (18) की मौत हो गई थी। छह छात्र-छात्राएं घायल हो गए थे। वैन पलटने पर चालक मुलायम सिंह कूद गया था। आरोप है कि पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। दोपहर बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए भेजा गया था, जहां रात करीब पौने 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के चाचा अमर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद वह पूर्वांह्न 11 बजे थाने में गए थे, जहां मुलायम गंभीर रूप से घायल अवस्था में बैठा था। वह कुछ बोल नहीं रहा था। अंदरूनी चोट होने के बाद भी उसे पुलिस ने थाने में बैठाए रही। समय से उपचार नहीं मिलने की वजह से उसकी मौत हो गई।
सिपाही पर पीटने का आरोप
-राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए जाने के दौरान मुलायम के साथ उसकी बुआ का बेटा श्रीकृष्ण साथ रहा। उसने बताया कि अस्पताल में मुलायम का उपचार नहीं किया। उसे बेड के बजाय स्ट्रेचर पर लिटा दिया। आरोप है कि पिपरोला चौकी के सिपाही ने बहानेबाजी करने की बात कहकर उसे पीट दिया था।
-
पुलिस बहाना समझती रही, सिर में लगी थी चोट
-परिजन का आरोप है कि चलती वैन से कूदने पर मुलायम के भी सिर में अंदरूनी चोट आई थी। जबकि, पुलिस बहाना ही समझती रही। पोस्टमार्टम हाउस से मृत विद्यार्थियों के परिजनों के जाने के बाद उसे सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
-
मुलायम पर थी परिवार की जिम्मेदारी
-करीब एक साल पहले मुलायम ने वैन खरीदी थी। इससे पहले वह खेतीबाड़ी करता था। उसके पिता ओमप्रकाश की करीब आठ साल पहले मौत हो चुकी है। मां सुनीता, बहन ममता व सविता व भाई राजीव, बबलू की जिम्मेदारी उसके ऊपर थी। बड़ा होने के नाते वैन चलाकर घर का खर्च चलाता था। उसकी शादी के लिए घरवाले रिश्ता भी देख रहे थे।
चार शव पहुंचने से गांव में मातम, मची चीख-पुकार
-वैन पलटने के बाद चार परीक्षार्थियों की मौत होने पर पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजन के सुपुर्द कर दिए गए। महेंद्र पाल की बेटी मोहिनी, अनिल की पुत्री प्रतिष्ठा व चंद्रपाल के बेटे अनुराग को मंगलवार की शाम को दफन कर दिया गया। नीरज के पुत्र अनुरूप को बुधवार की सुबह दिल्ली से परिजन व रिश्तेदार आने पर दफन किया।
-एसडीएम सदर ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ सदर अमित चौरसिया व इंस्पेक्टर कांट दयाशंकर सिंह बुधवार को मृतक अनुरूप के नगला जाजू स्थित आवास पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। एसडीएम सदर ने मृतक के परिजन को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
-घटना के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में चालक के प्रति काफी आक्रोश था। सुरक्षा की दृष्टि से उसे सीएचसी कांट में उपचार कराया था, जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
संजय कुमार, एसपी सिटी
मृतक मुलायम का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन