शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया में भूपेंद्र व उनके परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना का पुलिस ने चौथे दिन बुधवार को खुलासा कर दिया। घटना में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके दो साथी फरार हैं। आरोपियों ने शराब के ठेके पर लूट की योजना बनाई थी।
दस अगस्त की रात करीब दो बजे तीन बदमाश भूपेंद्र के घर में घुसे थे। पत्नी व बच्ची को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। एसपी अशोक कुमार, एसपी सिटी संजय कुमार और सीओ सदर ने मौका-मुआयना किया था। पीड़ित ने तहरीर देते हुए सिंधौली के भटपुरा रसूलपुर के मुजम्मिल पर वारदात में शामिल होने की बात कहकर मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ सदर बीएस वीर कुमार के नेतृत्व में एसओजी समेत तीन टीमों ने काम शुरू किया।
पुलिस ने मुजम्मिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह वारदात से इन्कार करता रहा, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे सच्चाई कबूल कर ली। पुलिस ने चाकू, 3250 रुपये, दो जोड़ी पायल, टीका आदि बरामद कर लिया। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया, मुजम्मिल ने दो साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद दोनों साथी लखीमपुर की ओर चले गए। वह यहीं पर रुका था। वारदात के अगले दिन जंगल में घूमते समय पीड़ित भूपेंद्र ने मुजम्मिल को पहचान लिया।
पुलिस के अनुसार, मुजम्मिल ने अपने साथी का नाम नन्हें और साजिद बताया। उनकी मुलाकात, वारदात से दस दिन पहले ही भावलखेड़ा में स्थित शराब के ठेके पर हुई थी। यहीं पर उन्होंने लूट की योजना बनाई। वह उनका पता नहीं जानता है।
पहले गांव के मुनेंद्र के घर पहुंचे थे आरोपी
-मुजम्मिल ने पुलिस को बताया कि योजना के तहत वह पहले गांव के ही मुनेंद्र के घर पहुंचे। मुनेंद्र जाग रहे थे। उन्होंने टार्च जलाकर रोशनी की तो वे तीनों गांव के बाहर की ओर आ गए। बाद में भूपेंद्र के घर पहुंच गए। घर में घुसने के बाद चाकू व तमंचा दिखाकर बंधक बनाकर नकदी व जेवर लूट लिया था।
जेवर को बांधकर दबा दिया था मिट्टी में
-मुजम्मिल ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों साथी चले गए थे। दो या चार दिन के बाद भावलखेड़ा में ही शराब के ठेके पर मिलकर माल का बंटवारा करने की बात तय हुई थी। मुजम्मिल ने रुपयों की सख्त जरूरत बताकर चार हजार रुपये और अन्य सामान ले लिया था। जेवर को पॉलीथिन में बांधकर नहर के आगे मिट्टी में दबा दिया था।