फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: कारोबारी के घर दस लाख की डकैती, चाबी न देने पर बच्चे पर ताना तमंचा

विज्ञापन
शाहजहांपुर में रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र में घटना के बाद लईक के घर के बाहर लगी भीड़। स्रोत: जा
विज्ञापन
भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव में घर में घुसे डकैत असलहों के बल पर दस लाख रुपये की नकदी-जेवर ले गए। इस दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे बदमाशों ने अलमारी की चाबी देने से इन्कार करने पर सात साल के बच्चे पर तमंचा भी तान दिया। एसपी ने खुलासे के लिए एसओजी समेत तीन टीमों को लगाया है।
विज्ञापन

मुर्गीदाना कारोबारी मोहम्मद लईक अहमद शुक्रवार की रात घर पर परिवार के साथ सो रहे थे। उनके घर के पीछे बंद पड़े नौशाद के मकान से रात करीब ढाई बजे पांच बदमाश घुस आए। तीन बदमाशों ने लईक, उनकी बेटी हुस्न बानो, सात साल के बेटे सलमान को दबोच लिया और तमंचे तान दिए। दूसरे कमरे में सो रहीं बेटियों को भी उसी कमरे में ले आए। बदमाश कमरों की तलाशी लेने लगे। अलमारी के लॉकर की चाबी न मिलने पर परिवार को धमकाया। चाबी न देने पर बेटे सलमान पर तमंचा तान दिया। घबराकर लईक ने चाबी दे दी।
बदमाशों ने मकान मालिक को साथ में लेकर अलमारी को खोला। पीड़ित के अनुसार, बदमाश एक लाख 70 हजार रुपये नकद और सात-आठ लाख रुपये के जेवर के अलावा बच्चों की गुल्लक में रखे करीब 20 हजार रुपये भी ले गए। बदमाशों के जाने के बाद परिवार ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। एसपी अशोक कुमार मीणा ने मौका-मुआयना किया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 310(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन


-

घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सिटी सौम्या पांडेय के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। - अशोक कुमार मीणा, एसपी

-

नई उम्र के डकैतों की थी स्थानीय भाषा, कारोबारी की आंखों के सामने लुट गई गृहस्थी

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। लखीमपुर खीरी के जेबीगंज में मुर्गीदाना के कारोबारी मोहम्मद लईक अहमद के घर में डकैतों ने बेटे सलमान की कनपटी पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी तो दंपती बेबस हो गए। उन्होंने तुरंत अलमारी के लॉकर की चाबी दे दी। बदमाश लईक को साथ लेकर अलमारी से सामान निकालने के बाद चले गए। लईक के अनुसार, डकैतों की उम्र 25 से 30 साल है। सभी स्थानीय भाषा में बातचीत कर रहे थे।

रहीस अहमद के पुत्र लईक अहमद मिश्रीपुर गांव में नए मकान में परिवार के साथ रहते हैं। उनके भाई और माता-पिता पुराने मकान में रहते हैं। जंगबहादुरगंज में उनका मुर्गीदाना का कारोबार है। शुक्रवार की रात बदमाश पड़ोसी नौशाद के बंद मकान से होते हुए छत पर आए और सीढि़यों के रास्ते लईक के कमरे तक पहुंच गए।

लईक अपनी पत्नी, बेटी-बेटे के साथ सोए थे। उनकी 17 और 14 साल की बेटियां दूसरे कमरे में थी। पीड़ित के अनुसार, घर में घुसे बदमाशों ने सभी को गन प्वाइंट पर ले लिया। किसी को बिस्तर से उठने तक नहीं दिया। उसके बाद बेटियों का कमरा खुलवाकर पूरे परिवार को एक कमरे में ले आए।

जरा भी हिलने पर गोली मारने की धमकी दी। बदमाशों ने मकान में असलाह के बारे में पूछताछ की। फिर अलमारी और संदूक की चाबी मांगी। आधे घंटे से अधिक समय तक पूरा परिवार दहशत के साए में रहा। पीड़ित ने बताया कि बदमाश उन्हें लेकर कमरे में गए और सारा सामान लूटकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने भय के चलते शोर भी नहीं मचाया। पुलिस ने पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इसमें कुछ संदिग्ध लोग नजर आए हैं।

-

घर के बाहर पड़े मिले मोबाइल और कार की चाबी

नकदी-जेवर के साथ बदमाश पीड़ित का मोबाइल व कार की चाबी भी साथ ले गए। बदमाशों के जाने के काफी देर के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने आसपास तलाशी ली तो मोबाइल व चाबी पड़ी मिली।

-

डॉयल 112 पर बात नहीं हुई, 45 मिनट बाद आई पुलिस

पीड़ित के अनुसार, बदमाशों के जाने के बाद छोटे भाई मोहम्मद शरीफ को सूचना दी। उन्होंने डॉयल 112 पर कॉल लगाई। एक बार रिंग जाने पर कॉल कट गई। फिर काफी देर प्रयास करने पर कॉल नहीं लगी। बमुश्किल बात होने के 45 मिनट के बाद पीआरवी पहुंची। उसके बाद थाना पुलिस भी आई। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।

काफी समय से इलाके में सक्रिय हैं बदमाश
इलाके में बदमाशों की सक्रियता काफी समय से होने के बावजूद पुलिस ने सक्रियता नहीं दिखाई। कुछ मामलों में अधिकारियों को गुमराह करने के बाद मुकदमा ही दर्ज नहीं कर नाकामी को पुलिस छिपाती रही।
-29 मई को मिश्रीपुर गांव की रहने वाली ब्रजेश की बेटी लवली रोजाना की भांति कोचिंग पढ़ने सरायकाइयां जा रही थी। नाथ मंदिर के पास टप्पेबाजों ने छात्रा से मोबाइल, टाप्स, कागजात ले लिए और फरार हो गए।
- तीन जून को गांव रौसर कोठी चौराहे पर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर कर चोरों ने 12 किलो का पीतल के घंटा समेत छोटे बड़े करीब 100 घंटे चोरी कर लिए। दानपात्र का ताला तोड़कर भी रुपये चुरा लिए। घटना की तहरीर मंदिर के पुजारी राधेश्याम बाबा की ओर से दी गई थी।
- सात जुलाई को मोहल्ला चमकानी गाड़ीपुरा में स्थित ओमकालेश्वर नाथ मंदिर से चोरों ने स्पीकर तथा दान पत्र का ताला तोड़कर रुपये चोरी कर लिए। मंदिर के व्यवस्थापक रामसनेही राठौर ने तहरीर दी थी।

शाहजहांपुर में रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र में घटना के बाद लईक के घर के बाहर लगी भीड़। स्रोत: जा

शाहजहांपुर में रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र में घटना के बाद लईक के घर के बाहर लगी भीड़। स्रोत: जा

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें