शाहजहांपुर के रोडवेज वर्कशॉप में बना नया वाशिंग पॉइंट। संवाद
- अहमदाबाद की कंपनी ने 12 लाख की कीमत से वॉशिंग प्लांट को किया स्थापित
- अब तक पुराने तरीके से बसों की धुलाई होती थी, समय के साथ संसाधन भी बचेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। रोडवेज बसों की धुलाई के लिए अधिक समय नहीं लगेगा। परिवहन निगम के प्रस्ताव पर कार्यशाला में आटोमैटिक वॉशिंग प्लांट स्थापित कर दिया गया। इसके जरिये पांच मिनट में बसों की धुलाई हो जाएगी। इसके लगने से मैनपॉवर बचेगी, साथ ही धुलाई में समय भी कम खर्च होगा।
परिवहन निगम की बसों की हालत काफी ज्यादा खराब है। बसों की धुलाई नहीं होने के कारण यात्रियों के कपड़े तक खराब हो जाते हैं। बसों की पर्याप्त धुलाई नहीं होने के कारण सीटों से लेकर खिड़की तक साफ नहीं हो पाती है। पूर्व में कार्यशाला में प्रेशर वाली पानी की मशीन से बसों की धुलाई की जाती थी। अधिक बसें होने के कारण बसों की धुलाई काफी कम हो पाती थी। लोकल मार्गों पर चलने वाली बसों की धुलाई का नंबर काफी कम आ पाता था। नगर निगम बनने के बाद रोडवेज कार्यशाला में ऑटोमैटिक वॉशिंग प्लांट लगाए जाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। जिस पर मुहर लगने के बाद अहमदाबाद की कंपनी ने 12 लाख रुपये की लागत से ऑटोमैटिक वॉशिंग प्लांट को लगा दिया है। प्लांट से पांच मिनट में बाहर से बस साफ हो जाएगी। इसका संचालन जनरेटर और बिजली के माध्यम से हो सकेगा।
बसों की धुलाई के लिए प्लांट स्थापित हो गया। अनुबंधित बसों को बस अड्डे पर पीछे की तरफ खड़ी कर साफ करने के निर्देश दिए हैं।
- आरएम पांडेय, एआरएम