जलालाबाद क्षेत्र के कोला रोड पर गांव रैपुरा के पास घंसी सड़क। संवाद
जलालाबाद। रामगंगा में गत सप्ताह आई बाढ़ से नदी के तटवर्ती गांवों में बड़े पैमाने पर फसल को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा क्षेत्र की विभिन्न सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। कहीं मिट्टी बहने से सड़कें धंसी हैं तो कहीं बजरी-कोलतार उखड़ जाने से गहरे गड्ढे हो गए हैं। बाढ़ का पानी उतरने के बाद यह रास्ते आवागमन के लिहाज से काफी खतरनाक हो गए हैं।
कोलाघाट पुल से पहले और बाद में करीब सात-आठ किमी तक सड़क के दोनों ओर कई दिन पानी भरा रहा। इससे कई जगह किनारे की मिट्टी सहित सड़क धंस गई है। नूरपुर करही मार्ग पर भी कई दिन तक बाढ़ का पानी बहने से सड़क का करीब चार-पांच मीटर हिस्सा कट गया। तिकोला पुल से आगे के एप्रोच रोड पर पांच-छह दिन पानी का तेज बहाव रहा। अब पानी कम होने के बाद इस सड़क की दुर्दशा भी सामने आई है। करीब आठ-दस मीटर से ज्यादा सड़क छलनी हो चुकी हैं।
बता दें कि गत 14 सितंबर से दस दिन तक कोलाघाट पुल से आवागमन प्रतिबंधित रहा। अब पुल से पैदल व बाइक सवार लोगों का आना-जाना शुरू हो जाने से इन सड़काें पर भी आवागमन बढ़ रहा है, लेकिन जगह-जगह गड्ढों से कभी भी कोई हादसा हो सकता है।