रोड नहीं बनने से खफा कई गांवों के लोगों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का बैनर लगाकर प्रदर्शन किया और विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी। गांव कैथ भगौतीपुर के मजरा डिमरई, सुहेला, गांवसभा ररुआ के मजरा बिरहना खुर्द, नटिउरा के मजरा सोकड़ नहर के लोगों ने बताया कि गांव नटिउरा के पास शारदा नहर से कुंआडांडा पुल होते हुए कैथ भगौतीपुर तक रोड नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बारिश में आवागमन बंद ही हो जाता है। नेता चुनाव के समय रोड बनवाने का आश्वासन देते हैं लेकिन बाद में भूल जाते हैं। इस वर्ष भी कई बार मांग करने के बाद भी किसी नेता और अधिकारी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। इससे परेशान गांवों के लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव में वोट नहीं डालने का फैसला किया है। गांव डिमरई, सोकड़ नहर, सुहेला, बिरहना खुर्द के लोगों ने बृहस्पतिवार को गांव कैथ भगौतीपुर के देवस्थान मंदिर पर एकत्र होकर नेताओं और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सरजीत सिंह, च्यवन सिंह, पाल सिंह, प्रमोद कुमार, गुरदेव सिंह, विचित्र सिंह, कारज सिंह, पलविंदर सिंह, निशा देवी वर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।