शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड 2024 की परीक्षा का परिणाम प्रतिशत पिछले साल की अपेक्षा अधिक रहा। वर्ष 2023 के सापेक्ष इस बार हाईस्कूल के परिणाम प्रतिशत में 7.67 और इंटरमीडिएट में 15.41 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली।
वर्ष 2023 में हाईस्कूल का परिणाम प्रतिशत 84.40 और इंटरमीडिएट का 73.54 प्रतिशत रहा था। हाईस्कूल में 45509 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 41961 ने परीक्षा दी और 35416 उत्तीर्ण रहे। इंटरमीडिएट के लिए 38256 पंजीकृत थे, 36037 ने परीक्षा दी तथा 26501 उत्तीर्ण हुए थे। उससे पहले 2023 में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का दोनों कक्षाओं का परिणाम प्रतिशत 85.51 रहा था।
इस वर्ष हाईस्कूल का रिजल्ट 85.54 प्रतिशत व इंटरमीडिएट का 81.81 प्रतिशत आया। यह पिछले साल की अपेक्षा अधिक है। हालांकि पिछले वर्ष छात्र-छात्राओं की संख्या इस साल की अपेक्षा अधिक थी। इस वर्ष हाईस्कूल में जहां 44121 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, 41050 ने परीक्षा दी थी। इनमें से 35116 ने परीक्षा पास कर ली है।
इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 35170 ने पंजीकरण कराया था, इनमें से 33228 ने परीक्षा दी और 27184 ने उत्तीर्ण की है। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने कहा कि इस वर्ष परीक्षा परिणाम में सुधार हुआ है। इसके लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं बधाई के पात्र हैं।