शाहजहांपुर में ट्रैक्टर चालक यदुनाथ की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। लखीमपुर जिले के थाना मोहम्मदी के गांव बगोरी निवासी यदुनाथ (35) की ट्रैक्टर-ट्रॉली से खाद फैक्टरी के ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक यदुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
यदुनाथ ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार तड़के वह अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घर से निकल आए थे। मोहम्मदी स्थित भट्ठे से ईंट लादकर शाहजहांपुर के लिए जा रहे थे। रोजा थाना क्षेत्र में मुकरमपुर गांव के पास पीछे से आए खाद फैक्टरी के ट्रक से ट्रॉली की टक्कर हो गई।
टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। हादसे में चालक यदुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन शव को देखकर बिलख पड़े। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक की पत्नी मनोरमा व दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।