शाहजहांपुर। बंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में लूट, मारपीट के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दो दरोगा समेत नौ लोगों के खिलाफ जांच आख्या 29 अक्तूबर तक पेश करने के आदेश दिए हैं।
एक गांव की महिला ने परिवाद दायर करते हुए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया कि नौ मई 2022 की दोपहर वीरेंद्र, मुंशा सिंह, शिवसागर जोशी, अभिषेक और अश्वनी ने उसके घर में घुसकर मारपीट की। उसके गंभीर चोटें आई थी। उसके गले से सोने की चेन, झुमकी आदि लूट ले गए। उसने पुलिस को सूचना दी। दरोगा राजेश सिंह व संतोष यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने लूटे जेवर वापस कराने के एवज में 40 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित महिला ने भैंस बेचकर 40 हजार रुपये दरोगा राजेश व संतोष को दिए। रुपये लेने के बाद जेवर नहीं दिलाए। इस बीच दोनों दरोगा की मौजूदगी में आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। वह शिकायत लेकर थाने गई तो सिपाही राजीव ने उसे लात मारकर घायल कर दिया। वह थाने गई और एसपी कार्यालय तक चक्कर काटे। कार्रवाई न होने पर कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट ने पत्रावली का अवलोकन करते हुए बंडा थाना प्रभारी को मामले में जांच आख्या 29 अक्तूबर तक पेश करने के निर्देश दिए हैं।