शाहजहांपुर के पुवायां में आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले के खिलाफ की रिपोर्ट दर्ज कराने को पुवायां पुलिस महिला को दो महीने तक थाने के चक्कर लगवाती रही। अब एसपी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बंडा क्षेत्र के एक गांव की महिला ने एसपी को बताया कि उनके पति विदेश में रहते हैं। पांच अप्रैल 2019 से 29 मई 2022 तक वह पुवायां में रहकर एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। मई में सोशल साइट पर उनकी फोटो लगाकर आपत्तिजनक बातें लिखी जा रहीं थीं। इसकी शिकायत उन्होंने साइबर क्राइम सेल में की थी। शिकायत के बाद उनको जान से मारने की धमकी दी गई। जानकारी मिली कि आईडी का प्रयोग पीलीभीत के थाना पूरनपुर के गांव भैरोकलां निवासी रणजीत सिंह कर रहा है।
तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। महिला ने आरोप लगाया कि वह अपनी दो छोटी बच्चियों के साथ दो महीने से पुवायां थाने के चक्कर लगा रही है। पुलिस दो-तीन घंटे बैठाने के बाद अगले दिन आने की बात कहकर टरका देती है। महिला ने इंस्टाग्राम आईडी बंद कराने और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। एसपी के निर्देश पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।