शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में फाइनेंस कर्मचारी से लूट की वारदात के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली। पूर्व में तीन लाख रुपये ले जाने का आरोप पीड़ित ने लगाया था, लेकिन अब 1.40 लाख रुपये लूट की रकम तहरीर में दर्शायी गई है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी समेत दो टीमों को लगाया गया है।
साउथ सिटी कॉलोनी निवासी विशेष तिवारी बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव बवक्करपुर गांव के पास लूट की घटना हो गई थी। फाइनेंस कर्मी किस्त वसूली कर लौटते समय बाइक सवार दो युवकों ने तमंचा दिखाकर ओवरटेक कर बैग छीन लिया था। शुरुआत में विशेष ने तीन लाख रुपये की लूट होने की जानकारी दी थी। उसने एक लाख 40 हजार रुपये लूटे जाने की तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बृहस्पतिवार को एक बार फिर से पुलिस ने उससे पूछताछ की है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी समेत दो टीमें काम कर रही है। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।