संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया।इस दौरान कांट ब्लाॅक के प्राथमिक विद्यालय डीगुरपुर के निरीक्षण में गैरहाजिर मिले सहायक अध्यापक अमित कुमार सिंह और शिक्षामित्र सीमा देवी का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की तो जलालाबाद के संविलियन विद्यालय डोलापुर के निरीक्षण में तमाम अव्यवस्थाएं मिलने पर पूरे स्टाफ का वेतन रोकने की संस्तुति की।
बीईओ ने सैजनपुर गांव में चौपाल आयोजित कर अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने जलालाबाद के संविलियन विद्यालय डोलापुर का निरीक्षण किया तो यहां 208 नामांकित बच्चों के सापेक्ष केवल 54 बच्चे उपस्थित मिले। इस दौरान विद्यालय का पूरा स्टाफ बाहर पेड़ के नीचे बैठा मिला। खाना मेन्यू के अनुरूप नहीं बना था।
छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन लोगों को कभी दूध और फल का वितरण नहीं किया गया। बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता भी खराब पाई गई। बीईओ ने बताया कि सभी कार्यों में लापरवाही मिलने पर विद्यालय के समस्त स्टाफ का वेतन रोके जाने की संस्तुति की गई है।
-
बीईओ ने किया पौधरोपण अभियान का शुभारंभ
जलालाबाद। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने विभाग की ओर से पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने जियो टैगिंग के साथ फोटो अपलोड करने के निर्देश दिए। अरुण कुमार अग्निहोत्री, राजीव कुमार, आबिदा बानो, अलका वर्मा, ज्योति मिश्रा, प्रज्ञा चित्रांशी, अवधेश कुमार, दिनेश कुमार चंद्रशेखर आदि ने एक-एक पौधा लगाकर उनके संरक्षण की शपथ ली। संवाद