शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के सरही गांव निवासी सिरदार की मौत के मामले में राजकीय मेडिकल कॉलेज के तीन कर्मियों पर गाज गिरनी तय मानी जा रही है। सीएमएस की ओर से जांच कराने में दो स्टाफ नर्स व वार्ड ब्वाॅय की लापरवाही सामने आई है। विभाग ने उनकी सेवा समाप्ति की संस्तुति करते हुए आउटसोर्सिंग कंपनी को पत्र भेजा है।
सिरदार को डायरिया होने के चलते भर्ती कराया गया था। जनरल वार्ड में भर्ती सिरदार शाम को साढ़े आठ बजे उस समय बेड से गायब हो गए थे, जब उनका बेटा विजय खाना खाने के लिए अस्पताल के गेट पर आया था। लौटकर आने पर अस्पताल स्टाफ ने भी कोई सही जवाब नहीं दिया। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे उनका शव अस्पताल में ट्राॅमा सेंटर के पास पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत होना सामने आया।
पूरे मामले में अस्पताल स्टाफ की लापरवाही सामने आई। शनिवार को सीएमएस ने सर्जन डॉ. विभोर जैन, डॉ. शबाहत हुसैन और मेटरन संदेश कुमार की टीम गठित कर जांच कराई तो कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई। सीएमएस डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आउटसोर्सिंग की स्टाफ नर्स शिवांगी सिंह, नूरीन खान और वार्ड ब्वाॅय पंकज की सेवा समाप्त की संस्तुति कर दी गई है। इसके लिए पत्र भी यश इंटरप्राइजेज को भेजा गया है। मरीज के गायब होने के बाद कर्मचारियों को पुलिस को समय से सूचना देना चाहिए था।