शाहजहांपुर। जिले के माध्यमिक व परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र अप्रैल में ही शुरू हो गया था। इसके साथ ही प्रवेश की प्रक्रिया भी जारी है। कुछ माध्यमिक विद्यालयों में कक्षावार सीटों के सापेक्ष अतिरिक्त छात्र-छात्राओं के प्रवेश हो गए हैं। परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश की गति धीमी है। हालांकि, जुलाई में स्कूल चलो अभियान के तहत प्रवेश बढ़ाने पर जोर देने के निर्देश दिए गए हैं।
माध्यमिक विद्यालयों की बात करें तो राजकीय, एडेड व वित्तविहीन मिलाकर कुल 382 तथा परिषदीय विद्यालय 2720 हैं। प्रवेश प्रक्रिया के तहत माध्यमिक शिक्षा के राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा छह की कुल 60 सीटें हैं। इनके सापेक्ष 25 छात्रों ने प्रवेश लिया है। कक्षा नौ में 280 सीटों में से 198 और 11वीं में 361 में 180 भर चुकी हैं।
बालिकाओं के लिए संचालित आर्य महिला इंटर कॉलेज में कक्षा छह की 150 सीटों में 135 सीटें फुल हो चुकी हैं। कक्षा नौ में 160 के सापेक्ष 173 सीटों पर प्रवेश लिए जा चुके हैं। 11वीं में उपलब्ध 240 सीटों से अधिक कुल 242 प्रवेश हो गए हैं। एसपी कॉलेज की बात करें तो यहां पर कक्षा छह में 80 सीटे हैं और 30 पर प्रवेश हो गए हैं। कक्षा नौ की 300 सीटों के सापेक्ष 180 तथा 11वीं में 320 में 175 सीटों पर प्रवेश लिए जा चुके हैं।
यही हाल जीजीआईसी व इस्लामिया इंटर कॉलेज समेत अन्य विद्यालयों में देखने को मिल रही है। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि कक्षा नौ व 11 में प्रवेश लेने वाले बच्चों का डाटा पांच अगस्त तक पोर्टल पर अपलोड किया जाना है।
बेसिक शिक्षा विभाग के सीटी कम्यूनिटी सतीश कनौजिया के अनुसार जिले के 2720 परिषदीय विद्यालयों की कक्षा एक में छह वर्ष की उम्र पूरी कर चुके बच्चों को प्रवेश लिया जा रहा है। कक्षा एक में करीब 6000 नए नामांकन हुए हैं, जबकि कक्षा छह में दस हजार बच्चों को नामांकित किया जा चुका है। विद्यालय स्तर पर कक्षा एक में प्रवेश की प्रक्रिया धीमी है, इसमें तेजी लाने व छात्र नामांकन बढ़ाने पर लेकर प्रधानाध्यापकों को लगातार निर्देशित किया जा रहा है।