शाहजहांपुर। खिरनीबाग की श्री रामलीला में नव चेतना कला परिषद के कलाकारों ने केवट भक्ति, दशरथ मरण, भरत कैकई संवाद एवं भरत मिलाप की लीलाओं का मंचन किया।
राम की चरण पादुका अपने शीश पर रखकर विराट प्रेम की मिसाल भरत ने प्रस्तुत की। इस प्रसंग का मंचन देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।
चरण पादुका लेकर भरत वापस अयोध्या गए और उन्हें सिंहासन पर आसीन कर धरती पर अपना बिछौना बनाकर राम के सेवक के रूप में अयोध्या का राज चलाने लगे। कलाकारों के अभिनय ने सभी को प्रभावित किया। इस मौके पर निर्देशक अनिल शर्मा, राकेश श्रीवास्तव, विनीत सक्सेना, मनोज पटेल, विनोद अग्रवाल, वीरेंद्र पाल सिंह यादव, अनिल वाजपेयी बाण, नितेश गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद
----
श्रीराम की चरण पादुका लेकर वापस अयोध्या आए भरत
शाहजहांपुर। ओसीएफ रामलीला में बृहस्पतिवार के मंचन में दर्शाया गया कि प्रभु श्रीराम वन पहुंचते हैं, उनको निषाद राज मिलते हैं जो कि भीलों के राजा हैं। वह उनकी सेवा करते हैं, वंदना करते हैं। प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मणजी सरयू तट पर पहुंचते हैं, जहां उन्हें केवट मिलते हैं। केवट उनको गंगा पार कराते हैं। उसके बाद प्रभु चित्रकूट में निवास करते हैं। वहीं दशरथ दिन-रात अपने पुत्र की प्रतीक्षा करते-करते अपने प्राण त्याग देते हैं। पिता की मौत की खबर सुनकर भरत-शत्रुघ्न अयोध्या आते हैं। राम, सीता व लक्ष्मण के वन गमन की जानकारी होने पर दुखी होते हैं और अपने भाई को मनाने चित्रकूट जाते हैं। बाद में राम जी की चरण पादुकाएं लेकर भरत लौट जाते हैं। मंचन में रोहित सक्सेना, देवेंद्र पाल, अरुण डीआर, बटेश्वर दयाल, शुभम सक्सेना, रानी मिश्रा, खुशी, चांदनी, जय सिंह, निखिल, संदीप शामिल रहे। इस मौके पर राम मोहन अग्निहोत्री, राधा रमण शर्मा, सत्यनारायण जुगनू , पैट्रिक दास, अंकित सक्सेना आदि मौजूद रहे।
बृहस्पतिवार शाम पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद और ददरौल विधायक मानवेंद्र सिंह ओसीएफ रामलीला का मंचन देखने पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक रामलीला का आनंद लिया।
खिरनीबाग रामलीला में भरत मिलाप की लीला का मंचन करते कलाकार- फोटो : SHAHJAHANPUR