शाहजहांपुर। पंजाब के किसानों द्वारा 24 से 26 सितंबर के बीच ट्रेन रोकने का एलान करने के बाद मुरादाबाद मंडल के रूट पर चलने वाली तमाम गाड़ियों को निरस्त और रूट डायवर्ट कर दिया गया है। इनमें शाहजहांपुर से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। गंगा-सतजुल कोविड-19 स्पेशल को फिरोजपुर कैंट और अंबाला कैंट जंक्शन से निरस्त कर दिया गया है। ट्रेन अब अंबाला कैंट जंक्शन तक ही जाएगी। गोवाहटी एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट किया गया है। यह ट्रेन हिसार, रोहतक होते हुए जाएगी, जबकि अमृतसर-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है। बता दें कि कोविड-19 के चलते शाहजहांपुर में इस समय सिर्फ सात स्पेशल ट्रेनों का ठहराव हो रहा है। इसमें किसान, गोवाहटी और डिब्रूगढ़ स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। यह तीनों ही ट्रेनें 24 से 26 सितंबर तक प्रभावित रहेंगी। यह जानकारी वाणिज्य निरीक्षक मनोज सिंह ने दी है।