शाहजहांपुर। शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल खंड पर टिकरी के आगे पैसेंजर ट्रेन से सांड़ टकराने के बाद इंजन के चक्कों में फंस गया। इसके चलते करीब एक घंटा 25 मिनट तक रेल यातायात ठप रहा। गार्ड व चालक ने काफी मशक्कत के बाद सांड़ को निकालकर रेल यातायात बहाल कराया।
शाहजहांपुर से पीलीभीत के लिए 5:50 बजे ट्रेन टिकरी रेलवे क्राॅसिंग के आगे पहुंची थी। तभी रेलवे ट्रैक पर अचानक सांड़ के आने से ट्रेन टकरा गई। जोरदार टक्कर लगने के बाद सांड़ इंजन के चक्के के नीचे फंस गया। चालक ने सतर्कता दिखाते हुए गाड़ी को रोक दिया। इसके बाद इंजन को चेक किया। शव फंसा होने के चलते ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। इसके चलते चालक और गार्ड ने यात्रियों की मदद से शव को खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद करीब 07:15 बजे ट्रेन को आगे की ओर रवाना किया। इस दौरान मुसाफिर परेशान हो गए। अधिकतर यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए। गाड़ी चलने के बाद राहत की सांस ली। वहीं दूसरी ओर निगोही में पीलीभीत से आने वाली ट्रेन को रोका गया। संवाद