पुवायां। मिनी पंजाब के नाम से मशहूर पुवायां तहसील का इकलौता रोडवेज बस अड्डा बदहाली के दौर में है। रोडवेज बस स्टैंड का यह हाल तब है जब यहां के लोगों के पास बाहर जाने का एकमात्र प्रमुख साधन बसें ही हैं।
पुवायां में सिर्फ कहने के लिए बस स्टेशन है। यहां सिर्फ खुटार और शाहजहांपुर जाने वाली बसें सुबह से शाम पांच बजे तक ही जाती हैं। शाम ढलते ही बस अड्डा अंधेरे में डूब जाता है और यहां असामाजिक तत्व घूमने लगते हैं। रात में गुजरने वाली बसें स्टैंड पर न आकर सीधी निकल जाती हैं। यहां बैठने के लिए बेंच आदि की समुचित व्यवस्था नहीं है। आसपास के लोग अपने वाहन भी बस स्टैंड परिसर में खड़े करते हैं। बस स्टैंड पर एकमात्र कर्मचारी करनैल सिंह व्यवस्थापक के रूप में तैनात हैं, वह भी शाम को अपने घर चले जाते हैं।
पुवायां से शाहजहांपुर, खुटार, गौरीफंटा, जोगराजपुर, पूरनपुर, बिलसंडा, बंडा, बरेली, जयपुर, अजमेर, दिल्ली, मथुरा के लिए लगभग 20 बसें गुजरती हैं। बस स्टैंड पर रात की तो दूर दिन में भी कुत्ते और बंदरों का राज रहता है। एआरएम ने मई में पुलिस को पत्र लिखकर वाहनों को बस स्टैंड में खड़े करने पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
बस स्टैंड के सामने चल रहा अवैध टैक्सी स्टैंड
बस स्टैंड के ठीक सामने खुटार जाने वाले डग्गामार वाहन खड़े होते हैं। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद भी पुवायां में हाईवे पर वाहन सवारियां भरते हैं और अवैध टैक्सी स्टैंड चल रहा है। बंडा रोड पर भी हाईवे पर वाहन खड़े कर सवारियां भरी जाती हैं और अवैध टैक्सी स्टैंड चलाया जा रहा है।
बस स्टैंड नहीं जातीं बंडा जाने वाली बसें
जिला मुख्यालय से बंडा जाने वाली बसें बस स्टैंड नहीं जाती हैं। बस चालक शाहजहांपुर से बसों को सीधे बंडा मार्ग पर ले जाते हैं और यहां से सवारियां लेकर बंडा को रवाना हो जाते हैं। बंडा से भी कुछ बसें सीधे शाहजहांपुर निकल जाती हैं। इस कारण बंडा जाने वाले यात्री बस स्टैंड नहीं जाते हैं।
एक वाटर कूलर की जरूरत
बस स्टैंड में पानी के लिए एक हैंडपंप लगा है। यहां पर गर्मी के मौसम में ठंडे पानी की उपलब्धता के लिए एक वाटर कूलर की जरूरत है। नगर पालिका ने यहां पर यात्रियों के लिए शौचालय का निर्माण करा दिया था। बैठने के लिए सीमेंटेड बेंच हैं।
पुवायां के बस स्टैंड के संबंध में मैंने सरकार के समक्ष मांग रखकर स्वीकृति कराई थी। बस स्टैंड बनना है लेकिन अभी राशि रिलीज नहीं हुई है। धनराशि रिलीज होते ही काम शुरू हो जाएगा। - चेतराम, विधायक पुवायां