गोमती नदी के पन्नघाट पुल पर रविवार को वीडियो एलबम ‘प्यार की बरसात’ की शूटिंग की गई। शूटिंग देखने के लिए पुल पर लोगों की भारी भीड़ रही। एलबम के डायरेक्टर रमेश मिन्हास ने बताया कि एलबम में सात गाने हैं। छह गानों की शूटिंग नैनीताल, बनारस और देहरादून में की गई है। एक गाने के बारिश के कुछ दृश्य पन्नघाट पुल पर फिल्माए गए हैं। एलबम में विजय, ममता, शिल्पा, राधा, गोविंद आदि कलाकार मुंबई के हैं। सभी कलाकार टेली फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम कर रहे हैं। एलबम के प्रोड्यूसर राज खोसला ने बताया कि देहात क्षेत्र में शूटिंग होने से स्थानीय लोगों को भी इनमें काम करने का अवसर मिलने की संभावना रहती है और प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलता है। मुंबई के कलाकार रविवार सुबह से ही पुल के पास आ डटे थे। लोकेशन फाइनल करने के बाद शूटिंग शुरू कर दी गई। शूटिंग की जानकारी को स्थानीय लोगों से छिपाकर रखा गया था, लेकिन देर शाम लोगों को शूटिंग होने के बारे में जानकारी लगी तो मौके पर भारी भीड़ लग गई।