पुरखुलूस माहौल में अदा की गई ईद-उल-फितर की नमाज
जिले में ईद-उल-फितर का त्योहार पुरखुलूस माहौल में मनाया गया। ईदगाह बड़ा खुतबा में ईद की मुख्य नमाज सुबह आठ बजे हुई। नमाज पढ़वाने से पूर्व पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने सभी को इंसानियत के नेक रास्ते पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर मौलाना मंजरी ने कहा कि जोे देश-दुनिया की हालत है, उससे सभी को सावधान रहते हुए आपसी भाईचारा और अमन-चैन कायम रखने की ओर कदम बढ़ाने की जरूरत है। हमें ऐसे प्रयास करने चाहिए, जिससे कौम और मुल्क का सिर न झुके। उन्होंने दुआ मांगते हुए कहा कि परवरदिगार सभी को सुख-चैन दे, इंसानियत का पाठ पढ़ाए, सभी दबे-कुचलों की मदद कर सकें, कोई किसी का खून न बहाए, किसी की मांग न उजड़े। उन्होंने अपनी बात ईद की मुबारकबाद से खत्म की। इससे पूर्व ईदगाह कमेटी के सदर राहत अली खां, नायब सदर मिर्जा आसिफ अली बेग, सचिव सैयद कासिम रजा आदि ने भी ईद की मुबारकबाद देते हुए सभी से नेक राह पर चलते हुए कौम की खिदमत करने की प्रेरणा दी। इसके बाद ईद की नमाज अदा कराई गई, जिसमें हजारों पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने शिरकत कर अमन-चैन की दुआ मांगी। ईद की नमाज में शामिल होने के लिए सुबह तड़के से ही लोग ईदगाह की ओर चल पड़े थे। समय के साथ ईदगाह परिसर भरने लगा था। बाद में मुख्य मार्गों, दुकानों के सामने जिसे-जहां जगह मिली वह नमाज के लिए बैठ स्थान घेरने लगा। इस बीच वाहनों की रोकथाम के लिए सभी रास्तों पर पुलिस का पहरा था। बड़ा खुतबा में नमाज अदा होने के बाद ईदगाह छोटा खुतबा, जामा मस्जिद, झंडा वाली मस्जिद, गदियाना ईदगाह समेत अन्य मस्जिदों में भी नमाज पढ़ी गई।