शाहजहांपुर। जेई के निलंबन के विरोध में मंगलवार को राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन ने एसई कार्यालय पर दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। मांग की गई कि निलंबन वापस लिया जाए।
मंगलवार सुबह 10 बजे संगठन के कार्यकर्ता अधीक्षण अभियंता कार्यालय में एकत्र हो गए। संगठन के माध्यम से यह मांग की गई कि अवर अभियंताओं के खिलाफ की गई निलंबन की कार्रवाई को वापस लिया जाए। यदि कार्रवाई समाप्त नहीं की जाती है तो बुधवार से सुबह 10 बजे से सभी अवर अभियंता/ प्रोन्नत अभियंता मंडल कार्यालय के समक्ष विरोध करते हुए कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। अध्यक्ष केके पटेल ने कहा कि अवर अभियंताओं के विरुद्ध जो कार्रवाई की गई है, वह दोषपूर्ण है। कार्रवाई को तत्काल समाप्त किया जाए। इससे सभी अवर अभियंता भयमुक्त होकर कार्य कर सकेंगे। सचिव अजय यादव ने कहा कि उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार कार्य करने के बाद भी अवर अभियंताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है जो कि उचित नहीं है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सतपाल सिंह, हीरालाल गुप्ता, आरके सिंह, महेंद्र कुमार, बबलू कुमार, अवर अभियंता अंकित तिवारी, जयंत, आदर्श कुमार, मनीष प्रजापति, गुलशन, दिनेश कुमार, जेपी भगत, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।