पुवायां। बंडा के गांव नवदिया जमीने ढुकरी में चोर कमरे का ताला खोलकर ढाई लाख नकदी और ढाई लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और कुछ लोगों से पूछताछ भी की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
गांव के जगतपाल सिंह ने बताया कि पड़ोस में उनके भाई सतपाल सिंह का मकान बन रहा है। शनिवार को लिंटर पड़ रहा था। लिंटर के लिए पानी उनके घर से ले जाया जा रहा था। देर रात तक श्रमिक पानी ले जाते रहे। वह पत्नी के साथ छत पर जाकर सो गए। रविवार सुबह चार बजे उनकी पत्नी सोकर उठीं तो घर में किराने की दुकान का गेट खुला मिला। पत्नी के जगाने पर वह भी नीचे पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा पड़ा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और बक्से में रखे ढाई लाख रुपये, सोने की दो लर, दो अंगूठी, एक मंगलसूत्र, पांच पेंडल वाली एक माला, एक जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी झुमकी, चांदी की एक जोड़ी जेवरी, एक कमर बिछुआ, एक जोड़ी झाला आदि गायब मिला।
घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी गए जेवरात की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। मौके पर लोग जमा हो गए। जगतपाल सिंह की सूचना पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। जगतपाल ने पुलिस को तहरीर दी है।
भैंस खरीदने के लिए रखे थे रुपये
जगतपाल डेयरी का काम भी करते हैं। घर में ढाई लाख रुपये उन्होंने भैंसे खरीदने के लिए रखे थे। जगतपाल के अनुसार, किसी को घर में ढाई लाख रुपये की नकदी रखे जाने की जानकारी भी नहीं थी। नकदी के साथ छह तोला सोना और एक किलो चांदी के जेवर चोरी होने से उनका भारी नुकसान हुआ है।
श्रमिकों पर भी संदेह, हो रही जांच
बड़ी चोरी के मामले में पड़ोस के घर में लिंटर डाल रहे श्रमिकों पर भी संदेह है। बताया जाता है कि देर रात तक लिंटर डाले जाने का काम चलता रहा। इस कारण जाग भी रही। लोगों के जागते रहने के कारण बाहर से किसी चोर के आने की बात को लोग नकार रहे हैं।
घटना की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- पंकज पंत, सीओ पुवायां