शाहजहांपुर। देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय रेल की ओर से मुरादाबाद मंडल के काकोरी तथा पंडित राम प्रसाद बिस्मिल रेलवे स्टेशन पर आजादी की रेलगाड़ी उत्सव मनाया जाएगा।
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग सुधीर सिंह ने बताया कि 18 जुलाई की शाम चार से सात बजे तक काकोरी रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों या उनके परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, देशभक्ति गीत जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्टेशन पर आकर्षक लाइट्स तथा वॉल पेंटिंग कराई जाएगी, जिससे आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले आजादी की रेलगाड़ी कार्यक्रम को हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अजय नंदन, एडीआरएम तथा मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कार्यक्रम में शरीक होकर सफल बनाने की अपील नागरिकों से की है। वहीं, मंडल के पंडित राम प्रसाद बिस्मिल रेलवे स्टेशन को भी आकर्षक लाइट तथा वॉल पेंटिंग से आजादी के रंग में सजाकर अमृत महोत्सव मनाया जाएगा।