विनियमितीकरण की लड़ाई लड़ रहे व्यवसायिक शिक्षक नौ फरवरी को कफन ओढ़कर विधान भवन का घेराव करेंगे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक व्यवसायिक शिक्षक जागरूक मंच के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार यादव महामंत्री आलोक शुक्ला ने बताया कि लगभग 25 वर्षों से प्रधानाचायों और प्रबंधतंत्र उत्पीड़न को झेल रहे व्यवसायिक शिक्षक विनियमितीकरण की लंबे समय से मांग कर रहे हैं। कई बार मुख्यमंत्री व माध्यमिक शिक्षा मंत्री द्वारा आश्वासन भी मिल चुका है, किंतु अब तक सिर्फ आश्वासन के अतिरिक्त व्यवसायिक शिक्षकों को कुछ भी नहीं मिल सका है। विगत पंद्रह जनवरी से अपनी मांगों को लेकर जागरूक मंच संघर्षरत है। शिक्षकों द्वारा डायरेक्टर आफिस पर आमरण अनशन शुरू किया गया था, जिसे शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने डायरेक्टर से वार्ता कर समाप्त करा दिया था और आश्वासन दिया था कि वह मंच के संरक्षक शाहजहांपुर के एमएलसी संजय मिश्रा के साथ मिलकर हाउस में व्यवसायिक शिक्षकों का मामला जोर शोर से उठायेंगे। मंच के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश के व्यवसायिक शिक्षकों से नौ फरवरी को बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की है। उक्त जानकारी शिक्षक नेताओं ने बरेली से लखनऊ जाते समय तिलहर में व्यवसायिक शिक्षकों से संपर्क के दौरान दी।