खुटार। पुवायां थाना क्षेत्र के गांव बूतौनी में युवक की मौत के बाद नदी किनारे अंतिम संस्कार का विरोध किया गया, पुलिस के हस्तक्षेप पर अंत्येष्टि करा दी गई।
गांव निवासी बृजबिहारी का 22 वर्षीय पुत्र शिवा छह अक्तूबर को छत से गिर गया था। इलाज के दौरान शिवा की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर शिवा का शव अंतिम संस्कार के लिए खुटार-पुवायां हाईवे के पास गोमती नदी के तट पर ले जाया गया। इस बीच नदी किनारे झोपड़ी डालकर रहने वालों ने शव का अंतिम संस्कार करने पर एतराज जताया। विरोध पर लोगों ने मामले की सूचना यूपी-112 पर भी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस के सामने दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। बाद में थाना प्रभारी धनंजय सिंह भी पहुंच गए। लोगों ने बताया कि आबादी के पास अंतिम संस्कार करने से उन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना था कि पुल के नीचे बने मोक्षधाम में चारों तरफ पानी भरा हुआ है। ऐसे में वे लोग अंतिम संस्कार कहां करें। थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझाकर अंतिम संस्कार करा दिया।