ससुराल से मायके गोरखपुर जा रही महिला ने मंगलवार को प्लेटफार्म नंबर एक पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। वह दिल्ली से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन में सवार थी।
प्रसव पीड़ा होने पर वह शाहजहांपुर के प्लेटफार्म नंबर एक पर उतर गई। दर्द से कराहते गर्भवती को देखकर जीआरपी एसआई देवेंद्र पटेल ने आसपास से महिलाओं को बुलाकर सुरक्षित प्रसव कराया। महिला के साथ कोई न होने के कारण देवेंद्र ने उसक ो जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही बेहद गरीब परिवार की महिला की माली हालत को देखते हुए उसकी आर्थिक मदद भी की। महिला के मुताबिक वह ससुराल छिबरामऊ से किसी तरह बरेली आई और वहां से ट्रेन पकड़कर गोरखपुर जा रही थी। उसका नाम सरिता है। पति का नाम रामवीर है। वह मुश्तीनगरा थाना छिबरामऊ की रहने वाली है। मायका गोरखपुर में है। एसआई देवेंद्र के मुताबिक महिला के घरवालों को सूचना दे दी गई है। महिला और उसका बच्चा जिला अस्पताल में भर्ती हैं और स्वस्थ हैं।