शाहजहांपुर। अवैध टैक्सी स्टैंडों के खिलाफ मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस बृहस्पतिवार को सक्रिय हो गई। सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी का इंतजार कर रहे चालकों को खदेड़ दिया गया। हालांकि अभियान दोपहर तक ही चल सका। पुलिस की सख्ती कम होते ही फिर से वाहन चालक सवारी भरने लगे।
सीएम के निर्देश के बाद एसपी एस. आनंद ने थाना प्रभारियों को अवैध रूप से संचालित टैक्सी स्टैंड को हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद सुबह से पुलिस सक्रिय हो गई। जिले के विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया। इससे वाहन चालक इधर-उधर भागते नजर आए। पुलिस के सख्ती करने के बाद चालक अपने वाहन को लेकर इधर-उधर खड़े हो गए। दोपहर तक यही हालत रही। पुलिस की सख्ती कम होने के बाद वाहन चालक फिर से सक्रिय हो गए। वाहन रोककर सवारियां भरना शुरू कर दीं। रोडवेज वर्कशॉप, पुलिस लाइन के सामने, बरेली मोड़, हरदोई बाइपास व जीआईसी तिराहे के पास चालक सवारियां भरते नजर आए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह सख्ती की गई। पुलिस के हटने के बाद फिर से पुराने ढर्रे पर व्यवस्था लौट आई। एसपी एस. आनंद ने बताया कि अवैध टैक्सी स्टैंड के खिलाफ दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनके खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।