शाहजहांपुर। ब्रांडेड कंपनी के नाम से मिलती-जुलते सौंदर्य प्रसाधन बिक्री करने पर कंपनी की टीम के साथ सदर पुलिस ने चूड़ी वाली गली में दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। सवा बोरी क्रीम, पाउडर, काजल आदि सामान बरामद हुआ है।
एक प्रतिष्ठित कंपनी की लीगल एडवाइजर के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को चार सदस्यीय टीम ने सदर बाजार थाने में अपनी कंपनी के नाम से नकली क्रीम-पाउडर की बिक्री होने की शिकायत की। टीम के साथ पुलिस ने चूड़ी वाली गली में छापा मारा। यहां कई दुकानों से सवा बोरी माल बरामद किया गया। पुलिस ने पांच व्यापारियों को हिरासत में लिया है।
छापे की खबर लगते ही तमाम व्यापारी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। पुलिस ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत किया है। बताते हैं कि टीम ने दो दिन एक होटल में रुकने के बाद चूड़ी वाली गली की दुकानों पर सौंदर्य प्रसाधनों की गोपनीय तरीके से पड़ताल की थी। पूरी तरह से पुष्टि होने के बाद छापा मारा। सीओ सिटी एपी सिंह ने बताया कि कंपनी की ओर से तहरीर आने पर संबंधित पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।