शाहजहांपुर के पुवायां में मंडी समिति परिसर से बाइक की डिग्गी तोड़कर 45 हजार रुपये गायब करने वाले हरदोई के रहने वाले ससुर, उसके दामाद और दामाद के भाई को एसओजी और पुलिस टीम ने पकड़ लिया है। आरोपियों ने उन्नाव और शाहजहांपुर में हुईं अन्य वारदात भी कबूली हैं।
सीओ पंकज पंत ने बताया कि पुवायां मंडी समिति परिसर से 12 मई को बाइक की डिग्गी तोड़कर 45 हजार रुपये चोरी करने के मामले में गांव इटौली के उत्कर्ष पाठक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
नकदी और जेवर बरामद
18 मई की रात सूचना पर पुवायां-मोहम्मदी मार्ग से एसएसआई जुगलकिशोर के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी टीम ने हरदोई के थाना कोतवाली के गांव कैथेलिया सथरा निवासी गैंग सरगना अरुण कुमार, इसी गांव के आकाश कुमार और आकाश के सगे भाई थाना सांडी के गांव ककेड़ी निवासी विवेक कुमार को रोककर तलाशी ली गई तो उनके पास से 26800 रुपये, चोरी के पांच मोबाइल, 15 जोड़ी पायल, अलग-अलग लोगों के आधार कार्ड आदि और दो तमंचे, करतूस बरामद हुए।
पकड़े गए आकाश और विवेक सगे भाई हैं। सरगना अरुण कुमार आकाश का ससुर है। अरुण का पुत्र संगम भी गैंग का सदस्य है। गैंग के लोग शाहजहांपुर, उन्नाव, पीलीभीत, कन्नौज, कासंगज आदि जाकर बैंकों से थैले आदि में रुपये लेकर जाने वाले के पीछे लगकर चोरी कर लेते हैं।