शाहजहांपुर। जिले में निर्वाचित ग्राम प्रधानों के निधन से रिक्त हुई सीटों पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा में मतदान हुआ। मतदान को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह रहा। सुबह से ही बूथों पर कतारें लगी रहीं। मतदान के बाद पीठासीन अधिकारियों ने सील मतपेटिकाएं संबंधित ब्लॉक कार्यालयोंं मेें बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवा दीं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सरोज कुमार के अनुसार शनिवार को सुबह आठ बजे से ब्लॉक मुख्यालयों पर मतगणना होगी।
जलालाबाद। ग्राम पंचायत मुड़िया कलां में प्रधान पद के लिए शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए उपचुनाव में कुल 775 मतदाताओं में से 585 मतदाताओं ने वोट डाले। प्राथमिक विद्यालय में बने मतदाता केंद्र के 433 मतदाताओं वाली बूथ संख्या एक पर 315 जबकि बूथ संख्या दो पर 342 मतदाताओं में से 270 वोटरों ने अपने मत का प्रयोग किया। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। यहां से पूर्व प्रधान रमेश की पत्नी गुड्डी के अलावा, दीपा कनौजिया, पप्पू व सत्येंद्र समेत चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। दोपहर एक बजे तक 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट डाले जा चुके थे, लेकिन बाद में मतदान की गति धीमी रही। इस दौरान एसडीएम बरखा सिंह, सीओ अजय राय व तहसीलदार पैगाम हैदर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
सिंधौली। चांदा गांव में उपचुनाव शांतिपूर्ण हुआ। ग्राम पंचायत के कुल 2246 मतदाताओं में से 1705 ने वोट डाले। मतदान को ग्रामीण सुबह ही बूथों पर लाइन लगाकर खड़े हो गए और अपनी बारी का इंतजार करने लगे ।आरओ दुष्यंत कुमार ने बताया 75.91 प्रतिशत मतदान हुआ।
मदनापुर। ब्लॉक की ग्राम पंचायत हुसैनपुर दौलतपुर मेें प्रधानी के दो उम्मीदवारों प्रमोद कुमार और अमित कुमार के बीच शांतिपूर्ण मुकाबला हुआ। गांव में करीब 2300 से अधिक मतदाता हैं और उनमें से 1484 ने वोट डाले। यह सीट निर्वाचित महिला प्रधान देववती पत्नी दीनदयाल के निधन से रिक्त हुई थी। प्रत्याशी अमित कुमार दिवंगत प्रधान के भतीजे हैैं।
पुवायां। सिंधौली के गांव चांदा और बंडा के गांवसभा बंडी में प्रधान पद के लिए बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण माहौल में वोट डाले गए।
बंडी में प्रधान की मौत के बाद पद रिक्त था। चार महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। बंडा में बूथ संख्या 63 पर 69.83 प्रतिशत और बूथ संख्या 64 पर 73.54 और बूथ संख्या 65 दौलतपुर महोलिया में 61.15 प्रतिशत वोट डाले गए। कुल 68.47 प्रतिशत मतदान हुआ। गांवसभा चांदा में बूथ संख्या 208 पर 81.09 प्रतिशत, बूथ संख्या 209 पर 77.04 प्रतिशत वोट डाले गए। चांदा के मजरा जमदुइया में बूथ संख्या 210 पर 70.62 प्रतिशत वोट डाले गए। यहां 76.33 प्रतिशत मतदान हुआ। जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है।
बंडी में बूथ पर सुरक्षा की दृष्टि से तैनात पुलिस। संवाद
बंडी में बूथ पर सुरक्षा की दृष्टि से तैनात पुलिस। संवाद