शाहजहांपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे काम की धीमी गति से रेल यात्री रोज समस्याओं का विष पी रहे हैं। एक साल बाद भी प्लेटफार्म नंबर दो व तीन को ऊंचा करने का काम पूरा नहीं हो पाया है। एक्सलरेटर का निर्माण तो अभी शुरू भी नहीं हो पाया है। ऐसे में भारी सामान के साथ फुट ओवरब्रिज से ही दूसरे प्लेटफार्म पर यात्रियों को जाना पड़ रहा है।
छह अगस्त 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शाहजहांपुर स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखी थी। योजना के तहत दिसंबर 2024 तक काम पूरा होना है। स्टेशन पर 17 करोड़ रुपये से विकास कार्य होने हैं। इसमें स्टेशन पर प्रथम और द्वितीय प्रवेश द्वार बनेगा। 12 और 6 मीटर के दो फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण होगा। रेलवे स्टेशन का भी सुंदरीकरण होना है।
मालगोदाम की ओर स्थित प्लेटफार्म को मुख्य बनाने और ट्रेनों के संचालन की भी योजना है। कार्य शुरू हुए लगभग एक साल बीतने वाला है, लेकिन अभी तक एक भी कार्य पूरा नहीं हो पाया है। अप्रैल 2024 तक मात्र 20 फीसदी काम ही हुआ था। बीच में चर्चा थी कि धन खत्म होने से काम रुक गया है। जबकि, अधिकारी टिन शेड हटाने के लिए कार्य रोके जाने की बात कह रहे थे। इस बात को तीन महीने गुजर गए, फिर भी कार्य में प्रगति नहीं दिख रही है। अभी प्लेटफार्म को ऊंचा करने के लिए मिट्टी डालने का काम ही कई जगह बाकी है।
-
प्लेटफार्म संख्या चार पर आ रहीं बरेली की ओर जाने वाली ट्रेनें
-पहले बरेली की ओर जाने वाली ट्रेनों का ठहराव प्लेटफार्म दो पर होता था। इस प्लेटफार्म को ऊंचा करने का काम शुरू हुआ तो ट्रेनों को चार नंबर प्लेटफार्म पर लिया जाता है। इस प्लेटफार्म तक जाने के लिए रेल यात्रियों को फुटओवर ब्रिज का उपयोग करना होता है। भारी सामान लेकर बुजुर्ग व दिव्यांगों का फुट ओवरब्रिज पर चढ़ना मुश्किल होता है। इस प्लेटफार्म पर पर्याप्त टिन शेड भी नहीं हैं। सीटों का भी अभाव है। तेज धूप में ही खड़े होकर यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करना पड़ता है।
-
अभी ये काम भी होने हैं
प्लेटफार्म नंबर एक पर अतिथि गृह के पास भवन का निर्माण होना है, जिसमें कार्यालय शिफ्ट किए जाने हैं। मालगोदाम की ओर से शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल लाइन के प्लेटफार्म नंबर छह तक फुट ओवरब्रिज बनेगा। रेलवे स्टेशन पर दो नए फुट ओवरब्रिज बनने हैं। इनमें एक मालगोदाम की ओर से शाहजहांपुर-पीलीभीत रेल लाइन के प्लेटफार्म की ओर उतरेगा। दूसरा वर्तमान में बने फुट ओवरब्रिज की जगह पर बनाया जाएगा। इसे एक्सलरेटर लगाए जाने के हिसाब से तैयार किया जाएगा। दो मंजिला भवन, पार्किंग स्थल और विशाल सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग रूम, एग्जीक्यूटिव लाउंज, लिफ्ट आदि का काम शुरू तक नहीं हो पाया है।
-
वाहन पार्किंग शिफ्ट, बैठने की जगह भी छिनी
सुविधाएं बढ़ाने के लिए अधिकारियों ने वाहन पार्किंग शिफ्ट करके यात्रियों के बैठने की जगह भी छीन ली। यहां पहले कुछ सीटें भी पड़ी थीं। अब तक यहां कोई कार्य भी शुरू नहीं हुआ है। इस वजह से यात्रियों को जमीन पर ही बैठना पड़ रहा है।
-
रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म को ऊंचा करने का काम अब तेजी से चल रहा है। गेस्ट हाउस के पास एक भवन का निर्माण व मालगोदाम की ओर कुछ कार्य शुरू हुआ है। दिसंबर 2024 तक 80 प्रतिशत काम पूरा होने की संभावना है। अन्य स्टेशनों पर भी इसी तरह से कार्य चल रहा है।
-ओपी शर्मा, एसएसई वर्क, उत्तर रेलवे