- समितियों पर सुबह से रही भारी गहमागहमी, 18 मार्च को होगा मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। जनपद की सभी 115 किसान सेवा सहकारी समितियों के संचालक मंडल के चुनाव के लिए निर्वाचन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। इस दौरान सुबह से समिति कार्यालयों पर नामांकन पत्र जमा करने वालों की भीड़ से गहमागहमी बनी रही। कई स्थानों पर सिर्फ एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने से वहां उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है, लेकिन उनके निर्वाचन की अधिकृत घोषणा 18 मार्च को होने वाले मतदान और मतों की गिनती के बाद की जाएगी।
पुवायां। एडीसीओ दिनेश कुमार ने बताया कि जेबां, बेला छेदा, टकेली, पकड़िया हकीम, नवाबपुर गंगा, बड़ागांव, सतवां बुजुर्ग में संचालकों के एकल नामांकन हुए हैं। दिउरिया गुटैया और नाहिल में नामांकन ज्यादा होने के कारण चुनाव की संभावना है।
निगोही। क्षेत्र की किसान सेवा सहकारी समिति निगोही, बिछौली, साधन सहकारी समिति हटादलेलपुर, कुदिरना, अंडखेरा, बनासदेवी, संडा खास, नरायनपुर जठिया आठ समितियों की 72 सीटों पर 79 प्रत्याशियों ने संचालक पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। नामांकन प्रक्रिया 14 मार्च को सुबह 10 से शाम चार बजे तक चली। साधन सहकारी समिति कुदिरना की कजरी नूरपुर, साधन सहकारी समिति अंडखेरा की स्थानीय अंडखेरा सीट व सकतिया सीट, साधन सहकारी समिति नरायनपुर जठिया की नरायनपुर व जठिउरा सीट पर मतदान होने की संभावना है। शेष सीटों पर एक- एक प्रत्याशी ने नामांकन कराया है। इन सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन होना तय माना जा रहा है।
खुटार। खुटार क्षेत्र में साधन सहकारी समिति नरौठा हंसराम, मलिका, रौतापुर, नरायनपुर विक्रमपुर, लालपुर में संचालक के नौ-नौ पदों के लिए एकल नामांकन पत्र दाखिल हुए। इसके बाद से इन समितियों पर सभी 45 संचालकों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। साधन सहकारी समिति चांदपुर में संचालक के नौ पदों के लिए 12 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। यहां आठ सीटों पर एक-एक नामांकन हुआ है, जबकि भीखमपुर से संचालक के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। हरिहरपुर प्रतापपुर साधन सहकारी समिति पर संचालक के नौ पदों के लिए लोगों ने नामांकन जमा किए हैं।
कांट में नौ संचालक निर्विरोध चुने जाने तय
कांट। किसान सेवा सहकारी समिति के संचालकों की नौ सीटों के लिए सिर्फ एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने से सभी उम्मीदवारोंं का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। शाम चार बजे तक निर्वाचन अधिकारी अरुण निगम को अमरदीप शुक्ला, गोविंद पांडेय, राजेश्वर यादव, राजीव दीक्षित, अनीता देवी, मनोज कुमार, रामकुमार और बिटिया ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। संवाद
कटरा समिति में दाखिल हुए सात पर्चे
मीरानपुर कटरा। कटरा किसान सेवा सहकारी समिति में डेलीगेट पद को सर्वाधिक सात पर्चे दाखिल हुए। यहां से नामांकन कराने वालों में अंकित गुप्ता, नरेंद्र कुमार, इस्माईल खां, विमला देवी, विनीत सिंह, सचिन गुप्ता और आमिर हुसैन शामिल रहे। क्षेत्र की अन्य समितियों से पर्चे दाखिल करने वालों में रेखा गंगवार, ओमप्रकाश, अवधेश सिंह, वेदराम, गजेंद्र पाल, ओमकार, सोनी, राजबेटी, मूलचंद और राजकुमार शामिल रहे। संवाद
कलान में निर्विरोध बनेंगे अधिकांश डेलीगेट
कलान। क्षेत्र की आंधीदेई साधन सहकारी समिति से सभी 11 डेलीगेट निर्विरोध निर्वाचित होंगे। नामांकन कराने वालों में उपेंद्र पाल सिंह, देवेंद्र सिंह, खुशीराम, बहेश्वरी देवी, रामवीर सिंह, राजकुमार सूर्यवंशी, रामप्रकाश, आशा देवी, दीपक सिंह, प्रदीप कुमार और दीपक शामिल हैं। कलान समिति में डेलीगेट के नौ में से सात पदों पर सिर्फ एक-एक पर्चा दाखिल हुआ। विभिन्न समितियों से नामांकन कराने वालों में मुन्ना, सुखराम यादव, अनुराधा यादव, उदयवीर सिंह, कंचन, राजाराम, अनीता, श्याम बाबू गुप्ता, उमेश गुप्ता,जयपाल वर्मा, राहुल सिंह, श्यामवीर राठौर आदि शामिल हैं। संवाद
चौकिया समिति के नौ वार्डों में होगा चुनाव
परौर। समिति डेलीगेट पद के चुनाव को नामांकन प्रक्रिया के बाद चौकिया समिति के नौ वार्डों पर चुनाव होना तय हो गया है। विभिन्न समितियों पर नामांकन कराने वालों में मुन्नी देवी, जैतून बेगम, सुरेश, सुग्रीव, रविंदर, प्रेमपाल, हीरालाल, जय राम, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, श्रीपाल आदि ने नामांकन कराया है। आरओ अजीत कुमार यादव ने बताया कि निर्वाचित डेलीगेट बाद में प्रशासक चुनेंगे। संवाद
कुतुआपुर समिति में सपा समर्थक के विरोध पर पहुंची पुलिस
सिंधौली। क्षेत्र की साधन सहकारी समिति रखिया बुजुर्ग, बिलंदपुर गद्दीपुर, कुतुआपुर, कोटावारी, नगरिया प्रयागपुर, कलुआपुर, रामपुर ताहरपुर, घाटबोझ और सिंधौली किसान सेवा सहकारी समिति के डेलीगेट चुनाव को नामांकन कार्य पूरा हो गया। चुनाव लड़ने को इच्छुक सपा समर्थक ओंकार ने आरोप लगाया कि उनका और उनके भाई समेत अन्य कई समिति सदस्यों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया जबकि बीते दिन चस्पा हुई अनंतिम सूची में नाम दिया गया था। कुतुआपुर समिति पर भी कुछ लोगों को नामांकन पत्र नहीं दिए जाने पर उन्होंने विरोध किया तो सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई।
जो सदस्य समितियों के बकाएदार हैं, सिर्फ उन्हीं के नाम अनंतिम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। अनंतिम मतदाता सूचियों पर आपत्तियां दाखिल करने का अवसर भी दिया गया। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया में कहीं कुछ गलत नहीं हो रहा है। निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा मतदान होने और मतगणना के नतीजे के आने के बाद ही डीएम के स्तर से नामित संबंधित निर्वाचन अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
-प्रवीण कुमार, सहायक निबंधक (सहकारिता)