राजकीय मेडिकल कॉलेज में पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की लाइन। संवाद
शाहजहांपुर। दो दिन में तापमान सात डिग्री बढ़ने से मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुधवार को मरीजों की भरमार रही। ट्रामा सेंटर से लेकर ओपीडी तक पैर रखने की जगह नहीं बची।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में आम दिनों में 1100 से 1200 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। मंगलवार को 1756 मरीजों ने पर्चे बनवाए थे। बुधवार को 1818 मरीज पहुंचे। ट्राम सेंटर में पिछले 24 घंटे में 170 मरीज भर्ती किए गए। वर्तमान में अस्पताल में 358 मरीज भर्ती है। पर्चा बनाने से लेकर डॉक्टर के चैंबर के बाहर तक मरीजों की लाइन लग रही है। यही हाल ट्रामा सेंटर का है। यहां भी मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड कम पड़ गए हैं। चिकित्सकों के मुताबिक सबसे अधिक मरीज डायरिया, बुखार के आ रहे हैं। कुछ मरीजों में रक्तचाप की समस्या पाई जा रही है। इस मौसम में काफी सावधानी बरतने की जरूरत है।
-
ऐसे करें बचाव
राजकीय मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि तापमान में उतार-चढ़ाव बीमारी का कारण बन रहा है। हाल में शादियों का सीजन भी निपटा है, इसका भी असर है। लोगों को ऐसे मौसम में खानपान में ध्यान रखने की जरूरत है। अधिक से अधिक पानी का सेवन करें, मच्छरदानी लगाकर सोए, चिकनाई युक्त भोजन से बचें, हरी सब्जी, खीरा, ककड़ी, खरबूज और तरबूज का सेवन करें। जरूरत पड़ने पर छाता या शरीर ढककर घर से बाहर निकलें।